मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में कांधला रोड पर सोमवार को एक सनसनीखेज घटना में कार सवार दो युवकों ने स्कूटी सवार दो महिलाओं के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि स्कूटी की साइड गलती से कार से टकरा गई थी, जिसके बाद मामूली कहासुनी शुरू हुई, लेकिन बात इतनी बढ़ गई कि कार सवार युवकों ने महिलाओं पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने पहले युवतियों से गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब देखा कि युवतियों के साथ मारपीट हो रही है तो तुरंत हस्तक्षेप किया और हमलावर युवकों को पकड़ लिया। राहगीरों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों युवतियों की ओर से तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post