मेरठ। खरखौदा क्षेत्र के गांव कोल निवासी हिमांशु त्यागी पुत्र पुनीत त्यागी सोमवार को अपने नौकर के साथ गन्ने के खेत में दवाई डालने गया था। वह सोमवार को यूरिया खाद में कीटनाशक दवाई मिलाकर डालने लगा। नौकर पास के खेत में खरपतवार की सफाई करने लगा।
काफी समय बीतने के बाद हिमांशु खेत से बाहर नहीं निकला तो नौकर ने मौके पर जाकर देखा तो वह बेहोशी की हालत में मिला। उसने इसकी सूचना पास में काम कर रहे अन्य किसानों को दी। ग्रामीणों ने हिमांशु को गंभीर हालत में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव को गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
हिमांशु के पिता पुनीत त्यागी का स्वास्थ्य काफी समय से ठीक नहीं था। हिमांशु बीटेक की पढ़ाई करने के बाद अपने पिता के साथ कृषि में हाथ बंटाने लगा था। इकलौते चिराग हिमांशु का रिश्ता हापुड़ जनपद के गांव असोडा में तय हुआ था। 27 नवंबर को उसकी शादी तय हुई थी। हिमांशु की शादी को लेकर पूरा परिवार तैयारी में लगा था, लेकिन उसकी मौत के बाद परिवार पर गमों का पहाड़ टूट गया।











Discussion about this post