मुज़फ्फरनगर। नगर के मोहल्ला इस्लामनगर में मूल और सूद की वसूली को लेकर चल रहे एक गंभीर विवाद में एक कर्जदार युवक की दुखद मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने नगर निवासी एक सूदखोर और उसके दो साथियों पर पिटाई करने और जहरीला पदार्थ खिलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने देर रात नामजद आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला इस्लामनगर निवासी युवक मुबशशिर पुत्र अज़ीम की उपचार के दौरान बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। बताया गया कि मुबशशिर ने कुछ समय पहले अपनी जिम्मेदारी पर मोहल्ले के कुछ लोगों को नगर निवासी एक सूदखोर से ब्याज पर पैसे दिलवाए थे और वह उनका गारंटर था। जब कर्जदार आर्थिक तंगी के चलते मूलधन और ब्याज नहीं चुका पाए, तो सूदखोर ने गारंटर बने मुबशशिर पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
मृतक के पिता अज़ीम की तहरीर के अनुसार, सोमवार सुबह सूदखोर अपने दो साथियों के साथ मुबशशिर को घर से जबरन बुलाकर एकांत स्थान पर ले गए। आरोप है कि तीनों ने मुबशशिर की बेरहमी से पिटाई की और उसे कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। गंभीर रूप से अस्वस्थ मुबशशिर किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना बताई। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मुबशशिर की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पिता अज़ीम की तहरीर पर सूदखोर और उसके दो साथियों के विरुद्ध हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।










Discussion about this post