मुजफ्फरनगर। काकरौली पुलिस ने नकली ड्रोन उड़ाने के खेल का पर्दाफाश किया है। दो युवक गले और पैरों में लाल और हरी बत्ती बांधकर कबूतर उड़ाते थे। काकरौली पुलिस ने दो कबूतर और लाल-हरी बत्ती बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके तीन साथी और भी प्रकाश में आए हैं। हरी व लाल लाइट दिल्ली से खरीदी थी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि ककरौली पुलिस ने ड्रोन उड़ाए जाने की सूचना पर मंगलवार रात लाल व हरी लाइट वाले कथित ड्रोन का पीछा किया। ड्रोन को पकड़ा गया तो वह कबूतर निकला। उसके गले व पैर में लाल व हरी तीन लाइट बंधी थीं।
पुलिस ने जानकारी जुटाकर ककरौली क्षेत्र के गांव जटवाड़ा निवासी सुएब व साकिब को पकड़ लिया, दोनों कबूतरबाज हैं। एसपी के अनुसार दोनों ने कबूतर को उड़ाया था, ताकि लोगों में ड्रोन की दहशत व अफवाह फैले। सुएब ने पुलिस को बताया कि कबूतर के गले व पैर में बांधने के लिए लाइट साकिब ने दिल्ली से लाकर दी थी।
कबूतर को ड्रोन समझकर लोग डर रहे थे। योजना बनाकर दोनों ने ऐसा किया था। साकिब के घर से तलाशी के दौरान एक और कबूतर बरामद किया गया। इस कबूतर को बुधवार रात में उड़ाया जाना था। कबूतर के अलावा एक पिंजरा व तीन लाल व हरी लाइट बरामद की है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम देने की घोषणा की।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने अपील कर कहा कि कोई भी व्यक्ति ड्रोन के बारे में अफवाह न फैलाए। यदि किसी को कोई सूचना मिलती है तो वह पुलिस को जानकारी दे। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि सभी ड्रोन संचालकों को बताया गया कि पुलिस की अनुमति के बिना ड्रोन न उड़ाएं।










Discussion about this post