मुजफ्फरनगर। आगामी मोहर्रम जुलूस को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने शिया समुदाय के लोगों के साथ शिव चौक, भगत सिंह रोड से नदी रोड तक मोहर्रम जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों की ओर से उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को उनके समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण में एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एडीएम प्रशासन, नगर पालिका परिषद की टीम सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से जुलूस मार्ग की स्थिति का जायज़ा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मोहर्रम की 10 तारीख को निकलने वाले परंपरागत जुलूस के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा चुकी है। जिले में सेक्टर स्कीम लागू की गई है, जिसके तहत फोर्स का पर्याप्त डेप्लॉयमेंट किया गया है। सभी प्रमुख चौराहों, मार्गों और नदी क्रॉसिंग पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
उन्होंने बताया कि जुलूस पारंपरिक मार्ग से ही निकाला जाएगा। नदी क्षेत्र में फिलहाल पानी कम है, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी के आर-पार एक मजबूत रस्सी बांधी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को आसानी से पार कराया जा सके।
प्रशासन का उद्देश्य है कि मोहर्रम और अन्य सभी आगामी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों। इसी को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को सफाई, प्रकाश व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।










Discussion about this post