मुजफ्फरनगर। थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव नंगला कबीर निवासी गौरव कुमार ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता कर अपनी महिला मित्र पर गहरी साजिश रचने का आरोप लगाया। गौरव का दावा है कि बिजनौर की रहने वाली आंचल नामक युवती की रहस्यमय ढंग से हुई गुमशुदगी के बाद उसकी बहन काजल ने उसे और उसके परिवार को झूठे केस में फंसाने की साजिश रची है। आरोप है कि आंचल को खुद उसकी बहन ने कहीं छिपा दिया है और अब गौरव से पांच लाख रुपये की डिमांड कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है।
गौरव का कहना है कि यह पूरा घटनाक्रम पैसे ऐंठने की सुनियोजित योजना का हिस्सा है। पीड़ित के अनुसार, मेरठ में रह रहे गिरीश के घर में एक वर्ष तक किरायेदार के रूप में रहने वाली आंचल अचानक नवंबर 2024 में लापता हो गई थी। इस बाबत गिरीश ने तत्काल आंचल की बहन को सूचना भी दी थी, लेकिन काजल ने उस समय रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया। इसके उलट, 13 फरवरी को काजल ने आंचल का सामान मंगवाकर धमकी दी कि यदि गुमशुदगी की रिपोर्ट कराई, तो गिरीश और गौरव को गंभीर आरोपों में फंसा दिया जाएगा।
गौरव ने बताया कि उसने तत्काल इस मामले की सूचना थाना सिखेड़ा पुलिस को दी, जहां प्रारंभिक जांच में गिरीश को निर्दोष पाया गया। लेकिन इसके बावजूद लगातार पुलिसिया पूछताछ, मानसिक उत्पीड़न और फर्जी केस की धमकियों ने गौरव को गहरे मानसिक संकट में डाल दिया है। गौरव ने मीडिया से कहा, “पुलिस लगातार मुझसे ही सवाल कर रही है, जबकि कोई भी तथ्य मेरे खिलाफ नहीं मिला है।”
गौरव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान उनके साथ जानवरों जैसा सुलूक किया गया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें मारपीट कर जबरन जुर्म कबूल करवाने का दबाव बनाया। गौरव का कहना है कि पुलिस प्रशासन रसूखदारों की कठपुतली बन चुका है, जहां पैसों के दम पर निर्दोष को गुनहगार और झूठ को सच साबित किया जा रहा है।
गौरव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा, “योगी जी, आपकी पुलिस गरीबों को जानवर समझती है। हमें झूठे केस में फंसाकर बर्बाद किया जा रहा है।” गौरव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो वह और उनका परिवार गांव से पलायन को मजबूर हो जाएगा।
प्रेस वार्ता में गौरव की मां रश्मि ने भी प्रशासन की निष्क्रियता और पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उन्होंने काजल को “शातिराना औरत” बताते हुए अपनी जान-माल को खतरा बताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।











Discussion about this post