मुजफ्फरनगर। पिता के आकस्मिक निधन के बाद सगे ताऊ द्वारा पीड़िता जिया बलिया और उसकी मां पर लगातार हो रहे अत्याचारों के खिलाफ पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंच कर न्याय की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि ताऊ ने घर की जमीन और ट्रैक्टर पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया है और उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस की लचर कार्रवाई से परेशान परिवार अब अपने घर को छोड़ने पर मजबूर है।
पीड़िता जिया बलिया ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद से ताऊ का दवाब लगातार बढ़ता गया। मां ने घर के हिस्से का अधिकार मांगा, लेकिन ताऊ ने धमकाना शुरू कर दिया। भोपा थाने में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने बार-बार विभिन्न समय में सुनवाई का वादा किया, पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सीओ भोपा से मिलने के बाद भी न्याय नहीं मिला।
जिया ने कहा कि उनका 200 गज का मकान है और वे चाहते हैं कि आधा हिस्सा न्यायसंगत तरीके से उन्हें मिले। साथ ही उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर, जिसकी कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये है, उस पर भी ताऊ ने जबरदस्ती कब्जा किया हुआ है, जबकि वह ट्रैक्टर पिता के बंटवारे में मिला था। सात साल से ताऊ ने इसका हिस्सा नहीं बताया।
कई बार कचहरी और पुलिस थानों के चक्कर लगाने के बावजूद न्याय न मिलने के कारण परिवार अब अपने घर को छोड़ कर एसएसपी कार्यालय तक आ गया है। जिया ने एसएसपी से आग्रह किया है कि वे उनकी समस्या का समाधान कर संपत्ति में बराबर हिस्सा दिलवाएं।











Discussion about this post