बागपत। गुरुवार रात जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मुरथल में पार्टी से लौट रहे चार दोस्तों की स्कॉर्पियो कार बहालगढ़ फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई और पलटते ही उसमें आग लग गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हुई है जबकि एक युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
हादसे में बिनौली निवासी प्रिंस धामा (27) पुत्र रविन्द्र धामा, आदित्य धामा उर्फ शेखर (24) पुत्र जितेंद्र धामा और सिरसली गांव निवासी सचिन तोमर (22) पुत्र लोकेंद्र की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में एकमात्र बचे युवक विशाल पुत्र जजवेंद्र तोमर (बिनौली) की हालत भी गंभीर बताई गई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने हालत चिंताजनक बताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार में थी और संतुलन बिगड़ते ही सीधे डिवाइडर से टकराई और पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया था।
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही बिनौली और सिरसली गांव पहुंची, दोनों ही गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। तीन नौजवान बेटों की एक साथ मौत से परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।











Discussion about this post