अयोध्या। अमेरिकी अरबपति और टेस्ला व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के सीईओ एलन मस्क के पिता एरोल मस्क इस समय भारत दौरे पर हैं। 1 जून को भारत पहुंचे एरोल मस्क 4 जून को अयोध्या जाएंगे। यहां वे रामलला के दर्शन करेंगे। मस्क दिल्ली से विमान के जरिए अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सड़क मार्ग से राम मंदिर आएंगे। उन्होंने खुद रामलला के दर्शन की इच्छा जताई है। एरोल मस्क ने एक बयान में कहा है कि वे राम मंदिर जाने के लिए काफी उत्सुक हैं।
भारत पहुंचे मस्क ने भारतीय संस्कृति की तारीफ की है। उन्होंने खुद कहा कि राम मंदिर का दौरा करने के लिए वह बेहद उत्सुक हैं। वह भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अद्भुत मानते हैं। राम मंदिर जाने को लेकर उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए बेहद खास अनुभव होगा। मस्क का अयोध्या आगमन उनकी भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रति जुड़ाव को भी दर्शाता है। इतना ही नहीं अपने एक बयान में मस्क भगवान शिव की महिमा का भी बखान कर चुके हैं।
उन्होंने कहा है कि यदि पूरी दुनिया शिव को फॉलो कर ले तो सभी तरह की समस्याओं का समाधान संभव है। मस्क ने सनातन धर्म की भी खूब तारीफ की है। दूसरी तरफ राम मंदिर ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने कहा कि यदि एलन मस्क के पिता अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राम मंदिर आते हैं, तो उन्हें रामलला का दर्शन पूजन कराया जाएगा।
इस वक्त राम मंदिर में दूसरे प्राण प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ हो चुका है। मंगलवार को इस समारोह का पहला दिन है। मस्क बुधवार को जब यहां पहुंचेंगे तो श्रीराम जन्मभूमि में राजा राम और सात अन्य देव विग्रहों का प्राण प्रतिष्ठा समारोह भी चल रहा होगा। एरोल मस्क इसका भी हिस्सा बन सकते हैं।











Discussion about this post