आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में सिकंदरा थाना क्षेत्र के नगला नत्थू के पास मंगलवार सुबह यमुना में नहाने गईं छह लड़कियां नदी में डूब गईं। इनमें से चार की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना मंगलवार सुबह 10:30 बजे की है। 18 वर्षीय मुस्कान अपनी छोटी बहन संध्या, दिव्या, चचेरी बहन नैना, मौसी की बहन सोनम, सुहानी ओर चचेरे भाई दीपेश के साथ यमुना में नहाने आई थी। सभी बहन-भाई नदी में नहा रहे थे। अचानक संध्या गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने मुस्कान और दिव्या गईं। वह भी गहरी पानी में चली गईं।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी को गहरे पानी से बाहर निकाला। युवती सहित 4 की माैत हो गई। दो को बचा लिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल भेजा। गांव का रास्ता ठीक न होने के कारण एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। जिस कारण गांव के ही लोगों को अपने निजी वाहन बाइक से बच्चियों को अस्पताल ले जाना पड़ा।
अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने बताया 6 बच्चियों डूबी थीं, 2 को निकाल लिया गया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कच्चा रास्ता होने के कारण राहत और बचाव कार्य में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।











Discussion about this post