मुजफ्फरनगर। जनपद में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। स्कूटी से परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन और उनके मित्र को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। इस हृदयविदारक घटना में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई और एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं।
काकड़ा के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर-
जानकारी के अनुसार, बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव अटेरना निवासी मदन की पुत्री आकांक्षा, अपने भाई शिवम और मित्र अंशुल के साथ स्कूटी पर सवार होकर मुजफ्फरनगर परीक्षा देने जा रही थी। जैसे ही वे शाहपुर थाना क्षेत्र में काकड़ा स्थित प्रधान फार्म हाउस के पास पहुंचे, उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी बीच पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार आकांक्षा को कुचलते हुए निकल गई।
मौके पर ही तोड़ा दम, गांव में मातम-
हादसे में आकांक्षा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर गिरने से शिवम और अंशुल को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। आकांक्षा की मौत की खबर मिलते ही गांव अटेरना में शोक की लहर दौड़ गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस-
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post