मुज़फ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मदीना चौक पर हाल ही में समद पुत्र नूर मोहम्मद की करंट लगने से हुई मौत के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में कांवड़ यात्रा–2025 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ और सीओ सिटी ने नगर पालिका और विद्युत विभाग की टीम के साथ कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले विद्युत पोल और कांवड़ शिविरों की विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मीनाक्षी चौक से मदीना चौक तक के मार्ग का गहन अवलोकन किया। इस दौरान कई स्थानों पर विद्युत सुरक्षा से संबंधित खामियां पाई गईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश दिए गए।
मीडिया से बातचीत करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ ने बताया कि विद्युत पोल, खुले तार, और कांवड़ शिविरों में विद्युत कनेक्शन की सुरक्षा की नियमित जांच की जा रही है। जो कमियां चिन्हित हुई हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “इन सभी व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी और फॉलोअप निरीक्षण भी जल्द ही किया जाएगा।”
प्रशासन ने कांवड़ सेवा शिविर आयोजकों और विद्युत विभाग से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ढिलाई से बचा जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो। शिवभक्तों की सुरक्षा सर्वोपरि है।










Discussion about this post