दरभंगा: बिहार के दरभंगा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। आरपीएफ और रेल पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा जो खुद को नकली रेल अधिकारी बता रहा था। यह घटना गुरुवार को गाड़ी संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में हुई। आरोपी एच वन कोच में सफर कर रहा था और उसने खुद को एडीआरएम बताया। उसकी पहचान मधुबनी जिले के इंदु कांत चौधरी के बेटे दुर्गा कांत चौधरी के रूप में हुई है। आरपीएफ ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दरअसल, रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में एक व्यक्ति खुद को समस्तीपुर रेल मंडल का एडीआरएम आलोक कुमार झा बता रहा है। दरभंगा आरपीएफ निरीक्षक पुखराज मीणा ने बताया कि उन्हें यह सूचना वरिष्ठ अधिकारी और मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, समस्तीपुर से मिली थी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, दरभंगा के अधिकारी और जवान हरकत में आ गए। उन्होंने राजकीय रेल थाने के अधिकारियों और जवानों के साथ मिलकर गाड़ी की जांच की। सीटीईटीआई, दरभंगा की टीम भी इस जांच में शामिल थी।
जांच के दौरान टीम ने उस फर्जी अधिकारी को धर दबोचा। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने खुद को एडीआरएम आलोक कुमार झा बताया। जब उससे पहचान पत्र दिखाने को कहा गया तो वह ‘नॉनसेंस’ कहते हुए चिल्लाने लगा। उसने रौब दिखाते हुए वहां मौजूद अधिकारियों को सबक सिखाने की धमकी भी दी। लेकिन, जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना असली नाम और पता बताया।
इस मामले में सीटीईटीआई चंदेश्वर राय ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर आरपीएफ, दरभंगा के प्रभारी निरीक्षक ने आरपीएफ थाने में केस दर्ज किया है। इस मामले को आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे कोर्ट, समस्तीपुर भेजा जाएगा।











Discussion about this post