मुज़फ़्फ़रनगर । मेरठ–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम देवल में एनएचएआई द्वारा बनाए जा रहे पुल निर्माण कार्य के विरोध में बड़ी पंचायत हुई, जिसमें गुरुद्वारे की धार्मिक गरिमा और ग्रामवासियों की सहूलियत को लेकर गहरी चिंता जताई गई। पंचायत में फैसला लिया गया कि जब तक मौजूदा डिजाइन में बदलाव नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
ग्राम देवल स्थित बाबा भूरीवाला गुरुद्वारे के सामने एनएचएआई द्वारा बनाए जा रहे इस पुल का स्थानीय लोगों और किसान संगठनों ने विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान प्रस्तावित ढांचा गुरुद्वारे की गरिमा को ठेस पहुंचाता है और क्षेत्र की आवाजाही पर प्रतिकूल असर डालता है। पंचायत में लोगों ने स्पष्ट मांग रखी कि इस स्थान पर पिलर वाला पुल बनाया जाए, ताकि गुरुद्वारे का धार्मिक स्वरूप बना रहे और आवाजाही बाधित न हो।
पंचायत की अध्यक्षता बाबा जग्गा सिंह व ओमप्रकाश शर्मा ने की और संचालन भाकियू के मीडिया प्रभारी शक्ति सिंह ने किया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पंचायत को संबोधित करते हुए एलान किया कि जब तक ग्रामीणों की मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
उन्होंने कहा, “एनएचएआई को लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। यदि सहमति के बिना निर्माण कार्य थोपने की कोशिश की गई, तो यह जनविरोधी कदम होगा, जिसका हम पुरजोर विरोध करेंगे।” पंचायत में भारी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने एकजुटता से संघर्ष तेज करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को धार देने का संकल्प लिया। राकेश टिकैत ने प्रशासन और सरकार को चेताया कि यदि ग्रामीणों की बातों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप ले सकता है।











Discussion about this post