वृंदावन। विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर अपने 14 साल के शानदार करियर का अंत कर दिया। उन्होंने बतौर बल्लेबाज और कप्तान दुनिया भर की परिस्थितियों, मैदानों और विपक्षी टीमों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के एक दिन बाद विराट मंगलवार को अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे। इस जोड़े ने वृंदावन धाम में प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। विराट और अनुष्का स्वामी प्रेमानंद महाराज के अनुयायी माने जाते हैं और अक्सर वृंदावन में देखे जाते रहे हैं।
विराट प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन के लिए आते रहते हैं। मंगलवार सुबह वह सफेद रंग की कार से श्री राधाकेलुकुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट वहां करीब साढ़े तीन घंटे तक रुके। इसके बाद उन्होंने बराह घाट के पास स्थित गौरांगी शरण महाराज से भी मुलाकात की, जिन्हें प्रेमानंद महाराज का गुरु माना जाता है।
विराट कोहली इससे पहले भी दो बार प्रेमानंद महाराज से मिल चुके हैं। पहली बार वह ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद आश्रम पहुंचे थे, जब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच में शतक के बाद उनका बल्ला शांत हो गया था। इसके बाद जनवरी 2023 में भी उन्होंने संत से मुलाकात की थी। तब वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे और उसी के कुछ समय बाद श्रीलंका के खिलाफ वनडे में उन्होंने 160 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। इस दौरान विराट ने महाराज जी से सवाल किया था कि असफलता से बाहर कैसे निकलें, तब उन्होंने कहा था कि प्रयास जारी रखें। इस बार विराट ने क्या-क्या बात कीं, देखें-
36 वर्षीय कोहली ने अपने टेस्ट करियर में कुल 123 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 210 पारियों में उन्होंने 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 30 शतक और 31 अर्धशतक जड़े और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 254 रन रहा। अब विराट ने टी20 के बाद टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। हालांकि वे वनडे क्रिकेट में जरूर अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे, जब भारत बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगा।
इससे पहले विराट आईपीएल 2025 में शानदार बल्लेबाजी को जारी रखना चाहेंगे। 8 मई को भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते रोकी गई लीग अब 17 मई से दोबारा शुरू होगी और पहला ही मैच एकबार फिर से आरसीबी और केकेआर के खिलाफ खेला जाएगा, जैसा 23 मार्च को किया गया था। विराट का प्रदर्शन इस साल भी शानदार रहा है, उन्होंने 11 मैचो में 505 रन बनाए हैं। उनकी लाजवाब बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी भी पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है और प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे है।











Discussion about this post