मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र में घटतौली की शिकायत पर जिला प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर पेट्रोल पंप की मशीनें सील कर दीं। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खतौली के गांव भैंसी के निकट स्थित सिया राम फ्यूल सेंटर पर एक उपभोक्ता ने घटतौली की शिकायत संबंधित विभाग से की थी। आरोप लगाया गया था कि पेट्रोल पंप पर उपभोक्ताओं को कम मात्रा में तेल दिया जा रहा है। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी और बांट माप निरीक्षक अतुल चौधरी को जांच के लिए भेजा गया।
संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी डिस्पेंसिंग मशीनों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि तेल वितरण में मशीनों द्वारा लगभग 30 मिली लीटर प्रति लीटर की कमी की जा रही थी। शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से सभी मशीनों को सील कर दिया और मौके की पूरी वीडियोग्राफी कराई गई।
इसके साथ ही पेट्रोल पंप के रिकॉर्ड व स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की गई। पूर्ति निरीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि मामले में अब री-वेरिफिकेशन प्रक्रिया की जाएगी, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। यदि पंप संचालक द्वारा जानबूझकर घटतौली किए जाने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ माप तौल अधिनियम और अन्य धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










Discussion about this post