अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के नारणपुरा में वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परिसर खिलाड़ियों को उच्चतम स्तर पर प्रदर्शन करने और विश्व स्तर पर पदक जीतने के लिए प्रेरित करेगा। अमित शाह ने कहा कि अहमदाबाद देश की खेल राजधानी बनने की दिशा में अग्रसर होगा।
अमित शाह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में नंबर एक बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों में सुधार और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए ठोस योजना बनाई है। इसके अलावा, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की व्यवस्था भी की गई है।
उद्घाटन समारोह में अमित शाह ने वीर सावरकर को याद करते हुए कहा कि सावरकर ने जंजीरों में जकड़े होने के बावजूद फ्रांस से समुद्र में कूद कर भारत की आज़ादी की लड़ाई में योगदान दिया। उन्हें एक जीवन में दो आजीवन कारावास की सजा दी गई थी। अमित शाह ने कहा कि सावरकर के साहस और प्रेरणा से खिलाड़ी भी अपनी सीमाओं को पार कर सकेंगे।
वीर सावरकर खेल परिसर में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा, चिकित्सा सुविधाएं और स्लो मोशन में खेल देखने की सुविधा उपलब्ध है। परिसर पूरी तरह से हरित तकनीक से निर्मित है और इसे भारत सरकार और गुजरात सरकार के सहयोग से विकसित किया गया है।
अमित शाह ने यह भी कहा कि देश में खेलों में बदलाव और खिलाड़ियों को प्रेरित करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। इस परिसर से नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतने की प्रेरणा मिलेगी और भारत के खेल भविष्य को नई ऊँचाई मिलेगी।











Discussion about this post