लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता कर उत्तर प्रदेश सरकार पर ‘कोडिन कफ सिरप’ के अवैध कारोबार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 36 जिलों में 118 से अधिक एफआईआर दर्ज होना यह साबित करता है कि यूपी में कफ सिरप का काला साम्राज्य फैला हुआ है, जिसे सरकार छिपाने की कोशिश कर रही है।
“तस्वीरें तो मेरी मुख्यमंत्री के साथ भी हैं”-
भाजपा नेताओं द्वारा आरोपियों के साथ अखिलेश यादव की तस्वीरें दिखाए जाने पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, “अगर किसी के साथ खड़ा होने मात्र से वह माफिया हो जाता है, तो मेरी तस्वीरें तो मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के साथ भी हैं। मैं सरकार की मजबूरी समझ सकता हूँ—जब खुद फंस जाओ, तो दूसरों पर इल्जाम लगाओ।”
शायराना अंदाज में घेरा: ‘फूल और दो हाफ’-
अखिलेश यादव ने एक दिन पहले किए गए अपने सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए शायराना अंदाज में सरकार पर तंज कसा। उन्होंने मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “फुल और दो हॉफ हैं, यूं तो आपस में खिलाफ हैं। कोडीन के मारे ये सारे, आज डर के मारे साथ हैं।” उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपाइयों के चेहरों पर हवाइयां उड़ी हुई हैं क्योंकि वे सच्चाई जानते हैं।
एसटीएफ पर उठाए सवाल, ‘जीटीएफ’ बनाने की मांग-
अखिलेश यादव ने जांच एजेंसी एसटीएफ की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध कफ सिरप मामले की जांच कर रही एसटीएफ खुद अवैध कारोबारियों से मिली हुई है, इसीलिए अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि नशाखोरी और जहरीली सिरप की जांच के लिए एसटीएफ के साथ-साथ एक विशेष ‘जीटीएफ’ (कोडीन टास्क फोर्स) भी बनाई जानी चाहिए।
उन्होंने अंत में कहा कि भाजपा नेता डर के मारे खुद कफ सिरप नहीं पी रहे हैं, शायद इसीलिए बीच-बीच में किसी को खांसी भी आ गई है। सपा अध्यक्ष ने साफ किया कि जनता सब समझ रही है और सरकार अपनी विफलताओं को दूसरों पर मढ़कर बच नहीं सकती।










Discussion about this post