शामली। थानाभवन विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची (Voter List) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भैंसवाल स्थित जिला कैंप कार्यालय पर सपा द्वारा नियुक्त बीएलए (BLA) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बीएलओ द्वारा तैयार की गई एएमडी (AMD) लिस्ट के सत्यापन पर गहन चर्चा हुई।
“असामान्य रूप से हटाए गए मतदाता”-
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता प्रो. सुधीर पंवार ने कहा कि कई बूथों पर स्थानांतरित (Shifted) और अनुपस्थित (Absent) दर्शाए गए मतदाताओं की संख्या असामान्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएलओ पर काम के दबाव के कारण भारी गड़बड़ियां हुई हैं, जिससे मतदाता सूची में लगभग 18 प्रतिशत मतदाताओं की कमी आई है।
बूथ संख्या 225 का दिया उदाहरण-
प्रो. पंवार ने बूथ संख्या 225 का हवाला देते हुए बताया कि यहाँ 379 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि इनमें से अधिकांश लोग आज भी गाँव में ही रह रहे हैं। उन्होंने बीएलए को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने बूथ की सूची का गंभीरता से परीक्षण करें और किसी भी पात्र मतदाता का नाम न कटने दें।
अल्पसंख्यक और दलित वर्ग को निशाना बनाने का आरोप-
बैठक में सिलावर के प्रधान मांगेराम ने एक गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिफ्टेड (स्थानांतरित) वोटरों की लिस्ट में सबसे अधिक नाम मुस्लिम और अनुसूचित वर्ग के हैं। उन्होंने इसे एक सोची-समझी रणनीति बताते हुए कार्यकर्ताओं से इन वर्गों के नामों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बैठक में ये रहे मौजूद-
बैठक में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष अर्चना चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि प्रशासन इस गड़बड़ी को तुरंत सुधारे, अन्यथा समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।











Discussion about this post