लखनऊ। यूपी में मौसम कई रंग दिखा रही है। कही धूप तो कही बारिश हो रही है। हालांकि आने वाले दो दिन कई जिलों में बारिश की संभावना है। 11 से लेकर 13 अगस्त तक पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं और पीलीभीत में ऑरेंज अलर्ट जारी है।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो 11 से लेकर 15 अगस्त तक पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात होगी।
पूर्वी यूपी की बात करें तो 11 से लेकर 14 अगस्त तक कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, मेरठ, शामली, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, कांशीराम नगर, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, हरदोई, लखनऊ, कानपुर नगर, बाराबंकी, उन्नाव, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, संतकबीर नगर, गोरखपुर, कुशीनगर और देवरिया और आस-पास के इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, लगातार पहाड़ों पर हो रही बारिश से मैदानी इलाकों की नदियां उफान पर हैं। मथुरा में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि आगरा में यह निशान से लगभग एक फीट नीचे है। फिरोजाबाद के टूंडला में यमुना के जलस्तर को देखते हुए प्रशासन सतर्क है और अधिकारी नदी किनारे के गांवों का दौरा कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इधर, बुलंदशहर के नरौरा बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद कासगंज के 48 गांवों में गंगा का पानी भर गया है, जिससे कई जगह बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।











Discussion about this post