लखनऊ। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट किया है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। साथ ही बांदा, चित्रकूट, कानपुर देहात, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन और हमीरपुर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान वज्रपात का खतरा भी रहेगा।
राजधानी लखनऊ और इससे सटे इलाकों में रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। इससे मौसम सुहाना बना हुआ है। लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। जैसे ही बारिश थमती है, लोग मौसम का आनंद लेने के लिए घूमने निकल पड़ते हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस इलाके में अभी ऐसा मौसम बना रहेगा। कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे और हवाएं चलने का दौर जारी रहेगा। कहीं-कहीं तेज हवाओं के बीच बूंदाबांदी हो रही है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, विंध्य, बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, 1 से 15 जुलाई तक की अवधि की बात करें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से लगभग 41 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
पूर्वी क्षेत्रों में 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। किसानों को भी अच्छी बारिश की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव की वजह से अब मानसून में और वृद्धि होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले पांच से छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।
इस बीच प्रयागराज में हुए एक हादसे में युवती की मौत हो गई। यमुनापार में मांडा थाना क्षेत्र के दिघिया चौकी अंतर्गत चिलबिला गांव में कच्चा घर गिरने से यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल पिता इलाज जारी है। पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवती की पहचान 18 वर्षीय प्रिया यादव के रूप में हुई है। पिता कमला शंकर यादव घायल हैं।











Discussion about this post