मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी टोल प्लाजा पर हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। टोल मैनेजर की तहरीर पर जिलाध्यक्ष निखिल चौधरी समेत 18 नामजद और 40 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगठन की तीन गाड़ियाँ भी सीज कर दी हैं।
क्या है पूरा मामला?
रविवार को भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के जिलाध्यक्ष निखिल चौधरी के नेतृत्व में लगभग 35 गाड़ियों का काफिला जागाहेड़ी टोल प्लाजा पहुँचा था। कार्यकर्ताओं का दावा था कि वे अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, टोल प्लाजा के मैनेजर जसवीर सिंह का आरोप है कि प्रदर्शन के नाम पर कार्यकर्ताओं ने वहां जमकर उत्पात मचाया।
तोड़फोड़ और दहशत का माहौल-
मैनेजर जसवीर सिंह ने एफआईआर में बताया कि कार्यकर्ताओं ने टोल कर्मियों के साथ अभद्रता की और टोल के बूम (Booms) तोड़ दिए। इस दौरान जबरन टोल फ्री करा दिया गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अचानक हुई इस तोड़फोड़ से टोल पर मौजूद यात्री अपनी जान बचाकर भागते नजर आए।
पुलिस का एक्शन: गाड़ियाँ सीज, गिरफ्तारी की तैयारी-
तितावी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस ने अब तक प्रदर्शन में शामिल तीन गाड़ियों को सीज कर दिया है। नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है, जिससे संगठन में हड़कंप मचा हुआ है।
संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी-
दूसरी ओर, अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से भाकियू तोमर के पदाधिकारियों में भारी रोष है। संगठन ने पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनके कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।










Discussion about this post