मुजफ्फरनगर। सर्व खाप पंचायत की तैयारियों को लेकर वैदिक कन्या इंटर कॉलेज सोरम के प्रांगण में सभी समुदायों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चौधरी देवी सिंह ने की, जबकि संचालन माननीय रामपाल सिंह ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सर्वखाप मंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने जानकारी दी कि आज़ादी के बाद यह सातवीं सर्व खाप पंचायत होगी, जिसका आयोजन 16, 17 व 18 नवंबर 2025 को गांव सोरम में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पंचायत सर्वखाप झंडे के नीचे आयोजित की जा रही है, जिसमें सभी राजनीतिक दलों, जातियों, धर्मों और सामाजिक वर्गों से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। विशेष रूप से सभी जातियों और खापों के असली चौधरियों को आमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे।
चौधरी सुभाष बालियान ने बताया कि यह पंचायत पूरे देश के नागरिकों के लिए खुली रहेगी और इसमें किसान, मजदूर, व्यापारी, नौकरीपेशा, महिलाएं और युवा—सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत में समाज के भविष्य से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए बालियान खाप के प्रमुख चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि यह पंचायत भी ऐतिहासिक होगी, जैसी पहली पंचायत वर्ष 1950 में हुई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को दिशा देगा। टिकैत ने कहा कि पंचायत के सफल आयोजन के लिए जरूरत पड़ने पर सरकार से भी सहयोग लिया जाएगा और सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा पीढ़ी की होगी।
लाखों लोगों के संभावित आगमन को देखते हुए खाने-पीने और रुकने की व्यापक व्यवस्था की जाएगी, जिसमें सोरम सहित बालियान खाप के अन्य गांवों और सभी खापों का सहयोग लिया जाएगा।
इस अवसर पर सरपंच अमित बालियान, बिजेन्द्र चेयरमैन, भूपेन्द्र सिंह, भाकियू ग्राम अध्यक्ष विकास बालियान, ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र बालियान, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सोनू काबा, विपिन बालियान, एडवोकेट इकराम, डॉ. लोकेन्द्र बालियान, मा. ओमपाल कश्यप, मा. मुशर्रफ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।










Discussion about this post