मुजफ्फरनगर। सावन के महीने में शिव भक्तों की कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने-अपने गंतव्य की ओर कूच करते हैं। इस विशाल धार्मिक यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया ने जानकारी दी कि इस बार स्वास्थ्य विभाग ने कांवड़ियों की सेवा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। कांवड़ियों के लिए एक विशेष वार्ड बनाया गया है जिसमें 100 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा, कांवड़ मार्ग पर कुल 43 हेल्थ कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां 24 घंटे चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
डॉ. तेवतिया ने बताया कि भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए इस बार 10 अतिरिक्त एंबुलेंस और 12 से 16 बाइक एंबुलेंस तैनात की गई हैं। बाइक एंबुलेंस विशेष रूप से उन क्षेत्रों में उपयोगी होंगी जहां जाम के कारण सामान्य एंबुलेंस का पहुँचना मुश्किल होता है।
उन्होंने बताया कि सभी सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) और पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) पर आवश्यक दवाइयों, पट्टियों, ORS घोल, ASB और ARB इंजेक्शनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। यात्रियों को मामूली चोट, थकान या डिहाइड्रेशन की स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जाएगा।
इसके अलावा, मालिश सेवाओं की व्यवस्था भी सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से की गई है, जिससे श्रद्धालु लंबे पैदल सफर के बाद राहत महसूस कर सकें। डॉ. तेवतिया ने बताया, “हमारी कोशिश है कि किसी भी शिवभक्त को स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी न हो। हमने सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार कर ली हैं ताकि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।”










Discussion about this post