मुजफ्फरनगर। आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने पुरकाजी थाना क्षेत्र स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ ढाबा पर कावड़ियों द्वारा कथित तोड़फोड़ और आपराधिक घटनाओं के मामले में मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस के ख़िलाफ़ रोष व्यक्त किया है। उन्होंने इस संबंध में एसएसपी मुज़फ़्फ़रनगर को एक शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
अमिताभ ठाकुर द्वारा यह शिकायत जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से और ईमेल के जरिये भेजी गई है। इसके साथ ही यह शिकायत उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
अपनी शिकायत में उन्होंने उल्लेख किया है कि सोशल मीडिया और अन्य स्रोतों से सामने आए तथ्यों से यह स्पष्ट है कि घटना स्थल पर कावड़ियों द्वारा ढाबे पर तोड़फोड़ की गई और आपराधिक कृत्य किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि स्वयं मुजफ्फरनगर के एसपी के बयान से यह पुष्टि होती है, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थानीय पुलिस द्वारा कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, जो कि एक गंभीर लापरवाही और असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
अमिताभ ठाकुर ने यह मांग की है कि सभी उपलब्ध तथ्यों का संज्ञान लेकर पुलिस को तत्काल प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए ताकि न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ हो सके। इस मामले में डॉ. नूतन ठाकुर, प्रवक्ता, आजाद अधिकार सेना ने भी मीडिया को जानकारी देते हुए पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं।










Discussion about this post