बरेली। एक महिला यात्री ने परिवहन निगम बरेली क्षेत्र में बदायूं डिपो के कंडक्टर पर बस में अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। महिला चंडीगढ़ से बदायूं अपने घर आने के लिए बस पर सवार हुई थी। उसका आरोप है कि रात में कंडक्टर उसकी सीट पर जाकर बैठक गया। अश्लीलता की और विरोध पर उसका टिकट लेकर रास्ते में उतारने की धमकी दी। मामले की जांच पीलीभीत डिपो को दी गई है।
बिसौली इलाके की महिला के अनुसार उसके पति चंडीगढ़ में रहते हैं। 29 मई की रात वह चंडीगढ़ से बदायूं के लिए बस संख्या यूपी 78 एटी 1079 में सवार हुई थी। वह पीछे वाली सीट पर बैठी थी। अन्य यात्री सो रहे थे। तभी कंडक्टर उसके बगल आकर बैठ गया और अश्लीलता करने लगा। उसने विरोध किया तो धमकी दी कि अगर कुछ कहा तो यहीं रास्ते में उतार दूंगा और टिकट फाड कर फेंक देंगे। जब उसने कहा, वह शिकायत करेगी तो मारने की धमकी दी।
डरी सहमी महिला ने किसी तरह यात्रा पूरी की। बदायूं पहुंची तो उसने एआरएम से शिकायत की। मामले में एआरएम बदायूं ने तीन सदस्यीय टीम से जांच शुरू करा दी। टीम ने महिला के बयान दर्ज किये। अब मामले की क्रास जांच के नाम पर पीलीभीत डिपो एआरएम को फिर से जांच दी गई है।
इस पर पीड़िता ने सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि जांच के नाम पर हम चंडीगढ़ से बरेली, बदायूं और पीलीभीत के चक्कर काटते रहेंगे। किसी कारण हम नहीं आ पाएंगे तो जांच को बंद कर दी जाएगी। उसका आरोप है कि एक अधिकारी आरोपी कंडक्टर को बचाने में लगा है। उधर, एआरएम बदायूं डिपो राजेश पाठक का कहना है, महिला यात्री की शिकायत पर जांच की जा रही है। पीलीभीत डिपो के एआरएम जांच कर रहे है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post