प्रयागराज : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी) बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से चल रहा है। 75 फीसदी कॉपियों का मूल्यांकन हो चुका है। अब मात्र 25 फीसदी कॉपियां शेष बची हैं। जिसे एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा।
यूपी बोर्ड की वर्ष 2025 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा की 75 फीसदी कॉपियों का मूल्यांकन सात दिनों में पूरा हो गया। बोर्ड ने कॉपियों के मूल्यांकन को पूरा करने के लिए 15 दिनों का लक्ष्य निर्धारित किया है। जबकि, केवल 25 फीसदी कॉपियां जांची जानी शेष रह गई हैं।
यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन की यही रफ्तार रही तो अगले तीन से चार दिनों में यह कार्य पूरा हो जाएगा। इस माह के अंत तक सभी कॉपियां जांच ली जाएंगी। ऐसे में परीक्षाफल भी समय से घोषित किया जा सकेगा। मूल्यांकन के बाद परीक्षाफल तैयार होने में एक माह का वक्त लगेगा, सो परिणाम मई के पहले या दूसरे हफ्त में जारी होने की उम्मीद है।
मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 261 केंद्रों पर 14,3473 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई है, जिनमें से 80,024 परीक्षा मंगलवार को केंद्रों में उपस्थित रहे। इन परीक्षकों ने मंगलवा को हाईस्कूल की 17,15,270 व इंटरमीडिएट की 14,53,045 (कुल 31,68,315) कॉपियां जांचीं, जो कुल कॉपियों का 10.51 फीसदी हैं। यूपी बोर्ड ने 19 मार्च से मूल्यांकन शुरू कराया था और दो अप्रैल तक कुल तीन करोड़ एक लाख 48 हजार 236 कॉपियों को जांचने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अब तक कुल दो करोड़ 25 लाख 78 हजार 416 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है, जिनमें हाईस्कूल की एक करोड़ 31 लाख 33 हजार 348 व इंटरमीडिएट की 94 लाख 45 हजार 68 कॉपियां शाामिल हैं। अगर परीक्षकों की उपस्थिति कम नहीं होती है तो कॉपियों का मूल्यांकन कार्य अगले तीन से चार दिनों में पूरा हो जाने की उम्मीद है।











Discussion about this post