आगरा : राणा सांगा पर दिए गए बयान को लेकर करणी सेना ने सांसद रामजीलाल सुमन के घर हमला बोल दिया। जमकर तोड़फोड़ की। घटना पर सांसद के बेटे पूर्व विधायक रणजीत सुमन का कहना है कि पिछले कई दिनों से धमकी मिल रही थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
राणा सांगा पर दिए विवादित बयान के बाद आगरा में बवाल मचा हुआ है। बुधवार को करणी सेना ने राज्यसभा में बयान देने वाले सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर हमला कर दिया। जमकर बवाल किया। घर में तोड़फोड़ कर दी।
हमले पर सांसद के बेटे पूर्व विधायक रणजीत सुमन ने कहा कि पिछले 7-10 दिनों से लगातार सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश और बातें कहीं जा रहीं थीं। दो दिन से घर पर आने की चुनाैती दी जा रही थी। पुलिस प्रशासन को इस मामले की पूरी जानकारी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन लोगों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।
पूर्व विधायक ने कहा कि आज लोग गलत भाषा का प्रयोग करते हुए घर पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन की माैजूदगी में घरों पर हमला किया जा रहा है। दहशत फैलाई जा रही है। हमलावरों ने लाठी-डंडो और तलवारों से हमला बोला। घर में तोड़फोड़ की। इस दाैरान पुलिस माैजूद थी। पुलिस ने आश्वासन दिया था कि कोई घटना नहीं होगी। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।
राणा सांगा पर विवादित बयान देने वाले सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर करणी सेना घेराव करने पहुंची थी। यहां पर पहले ही पुलिस तैनात थी। करणी सेना के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आवास के मुख्य द्वार से प्रवेश करने लगे। इस दौरान पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया, तो वे उग्र हो गए। पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान वहां रखीं कुर्सियां फेंकी गईं। डंडों के साथ तोड़फोड़ कर दी गई। हमले में इंस्पेक्टर घायल हो गए।
सपा सांसद का कहना है कि मुझे दुख है कि मेरे इस वक्तव्य से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुईं हैं, जबकि मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था। मुझे इसका खेद है। मैं सभी जाति, वर्गों एवं संप्रदायों का सम्मान करता हूं। उन्होंने लिखा है कि राजपूत समाज के गाैरव की अनेक गाथाएं हैं। सामाजिक संरचना में उनका योगदान उल्लेखनीय है।











Discussion about this post