नई दिल्ली। भदोही में चौरी थाना क्षेत्र के एक गांव में पति के मुंबई जाते ही विवाहिता ने मायके से अपने प्रेमी को बुला लिया। भैया के नहीं होने के बाद भी भाभी के कमरे से आवाजें सुनकर देवर को खटक गया। उसने भाभी के कमरे को खुलवाया तो हड़कंप मच गया। लोहे के बक्से से प्रेमी को पकड़ लिया गया। प्रेमी की खूब धुनाई की और पुलिस को बुलाकर उसके सुपुर्द कर दिया गया। बुधवार को घंटों चली पंचायत के बाद भी विवाहिता प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। पूरे मामले की जानकारी विवाहिता के पति को दे दी गई है। उसके आने का इंतजार किया जा रहा है।
भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के एक गांव के राहुल की शादी चार साल पहले वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी काजल के साथ हुई थी। दोनों को डेढ़ साल का बेटा भी है। राहुल चार दिन पहले रोजगार के सिलसिले में मुंबई चला गया था। उसका छोटा भाई कांवर लेकर गया था। इसी बीच, विवाहिता ने अपने मायके से प्रेमी को बुला लिया। दोनों मंगलवार को दिन भर कमरे में साथ रहे।
देर रात आए देवर ने जब भाभी के कमरे से खटरपटर की आवाज सुनी तो दरवाजा खोलने को कहा। भाभी के दरवाजा नहीं खोलने पर देवर ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। इसके बाद दरवाजा खुला तो देवर अंदर पहुंचा। कमरे में युवक की चप्पल देख संदेह होने पर जब लोहे के बाक्स को खोला तो उसमें प्रेमी छिपा मिल गया। इस बीच, आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए और प्रेमी को पकड़कर जमकर धुनाई शुरू दी। प्रेमी की धुनाई होता देखकर विवाहिता ने अपने मासूम बेटे को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों ने प्रेमी को छोड़ा।
प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि विवाहिता का प्रेम संबंध मायके के पड़ोसी से लंबे समय से चल रहा था। वह उसी के साथ रहने पर अड़ी है। दोनों के बालिग होने के कारण मुंबई गए पति को बुलाया गया है। पति के आने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल युवक को हिरासत में रखा गया है। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।











Discussion about this post