शामली। नई पेंशन योजना, यूनिफाइड पेंशन योजना, निजीकरण और मर्जर के खिलाफ अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले कर्मचारियों ने बुधवार को शहर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने रोष मार्च और बाइक रैली निकालकर पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
बाइक रैली की अगुवाई अटेवा मंच के जिला संयोजक नवनीत ने की, जो आरके इंटर कॉलेज से शुरू होकर फव्वारा चौक होते हुए कलेक्ट्रेट तक पहुंची। रैली में 20 से अधिक विभागों से जुड़े सरकारी कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नई पेंशन स्कीम (एनपीएस) से उन्हें भविष्य को लेकर भारी असुरक्षा महसूस हो रही है।
जिला संयोजक नवनीत ने कहा कि एनपीएस में कर्मचारियों को मात्र 800 से 2200 रुपये तक की पेंशन मिल रही है, जिससे परिवार चलाना असंभव है। उन्होंने निजीकरण को भी युवाओं के लिए खतरा बताया और मांग की कि सरकारी संस्थाओं का राष्ट्रीयकरण कर देश के युवाओं के लिए स्थाई रोजगार सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर प्रताप सिंह, चंद्रकुमार, अरुण सैनी, अमृता चौधरी, वीना कुमारी, रमेशचंद, प्रदीप मलिक, पप्पू बोकाडिया, नितिन पंवार, अमित खैवाल, मनीष मिश्रा, अमित निर्वाल, राजीव पंवार, रामवीर, नरेंद्र, अजय शर्मा समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।











Discussion about this post