मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे की हालत में पिकअप वाहन खड़ा कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गंग नहर पटरी पर बेलंगा नहर पुल के पास रात करीब एक बजे उस समय की गई, जब पुलिस टीम नाका चेकिंग अभियान चला रही थी।
गिरफ्तार युवक की पहचान इकराम पुत्र बाबर निवासी ग्राम श्रीचंडी, थाना भगवानपुर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी उस समय बियर पीकर नशे में धुत था और अपनी पिकअप गाड़ी को सार्वजनिक स्थान पर खड़ा किए हुए था।
थाना प्रभारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि जब इकराम से गाड़ी के कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया जिसमें उसके खून में अल्कोहल की मात्रा की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मदिरा सेवन कर वाहन संचालन, वाहन अधिनियम का उल्लंघन, तथा सार्वजनिक स्थान पर अव्यवस्था फैलाने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने उसकी पिकअप गाड़ी को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया है।










Discussion about this post