शामली। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जगहों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान मदरलैंड स्कूल के प्रबंधक चेतन मुंजाल ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अवैध कॉलोनी और रास्ते में अतिक्रमण की शिकायत की थी। सीएम के हस्तक्षेप के बाद शासन से कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद एमडीए की टीम हरकत में आई।
स्कूल प्रबंधक की शिकायत के बाद एमडीए अधिकारियों की “कुंभकर्णी नींद” टूटी और शुक्रवार सुबह दो बुलडोजर, भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ टीम मौके पर पहुंची। मदरलैंड स्कूल के बराबर में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को तत्काल ध्वस्त कर दिया गया। कॉलोनी विकसित करने वाले भूमाफिया बुलडोजर की आवाज सुनते ही फरार हो गए।
एमडीए ने न केवल मदरलैंड स्कूल के पास बल्कि शामली शहर में मुजफ्फरनगर रोड, करनाल रोड, झिंझाना रोड और पानीपत-खटीमा मार्ग पर बिना नक्शा पास कराई जा रही कॉलोनियों पर भी बुलडोजर चलाया। इन सभी जगहों पर बिना अनुमति निर्माण किए जा रहे थे। एमडीए अधिकारियों ने बताया कि फरवरी माह में कॉलोनी के विकासकर्ताओं ने नक्शा पास कराने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन स्क्रूटनी में फेल हो जाने के बावजूद दोबारा कोई वैध प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। पांच माह बीत जाने के बाद भी नक्शा पास न होने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास प्राधिकरण सिर्फ बुलडोजर तक ही सीमित है, जमीनी स्तर पर न तो भूमि की पुनर्स्थिति होती है और न ही भूमाफियाओं पर ठोस कानूनी कार्रवाई होती है। इससे भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं और हाईवे के चारों ओर तेजी से अवैध कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। एक अनुमान के मुताबिक शामली जिले में 200 से अधिक अवैध कॉलोनियां कृषि भूमि और बाग-बगिचों को खत्म कर बसाई जा रही हैं।
एमडीए अधिकारियों का कहना है कि कॉलोनियां अवैध होते हुए भी रजिस्ट्री कार्यालय और विद्युत विभाग की मिलीभगत से इन कॉलोनियों में रजिस्ट्री और बिजली कनेक्शन दे दिए जाते हैं, जिससे कार्यवाही में बाधा आती है। विभाग ने अब हर माह अभियान चलाकर पूरे जिले में कार्रवाई करने की योजना बनाई है और बार-बार निर्माण करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने की भी चेतावनी दी है।
मदरलैंड स्कूल के प्रबंधक चेतन मुंजाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तत्पर कार्यशैली की सराहना की और अवैध कॉलोनी हटवाने पर आभार व्यक्त किया।











Discussion about this post