मुजफ्फरनगर। हिंदू युवा वाहिनी ने बुधवार को जिले के दो शीर्ष अधिकारियों, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह संगठन मंत्री प्रहलाद पाहुजा के निर्देशन और जिलाध्यक्ष नवीन जांगिड़ की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को फूलमालाएं पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन ने डीएम की जन समस्याओं के त्वरित निवारण और फरियादियों के प्रति संवेदनशील रवैये की विशेष सराहना की। प्रहलाद पाहुजा ने बताया कि उमेश मिश्रा व्यक्तिगत रूप से जिला पंचायत सभागार में आने वाले हर नागरिक से मिलते हैं, उनका स्वागत पानी और गुड़ से करते हैं और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करते हैं।
इसके बाद हिंदू युवा वाहिनी का प्रतिनिधिमंडल पुलिस कार्यालय पहुंचा, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा को भी सम्मानित किया गया। कांवड़ यात्रा के दौरान सांप्रदायिक उन्माद फैलाने वाले आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी को ‘सर्वोत्तम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक’ का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया।
पाहुजा ने बताया कि संजय वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने अपराध नियंत्रण और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में अहम सफलता हासिल की है। कांवड़ यात्रा के दौरान हुई त्वरित कार्रवाई ने जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा।
हिंदू युवा वाहिनी का मानना है कि डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा की संयुक्त कार्यशैली से न केवल अपराध पर काबू पाया गया है, बल्कि जन समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी तेज हुई है। यह सम्मान समारोह जिले में प्रशासन और पुलिस के प्रति जनता के विश्वास और आभार का प्रतीक बना।
इस मौके पर सहारनपुर मंडल संगठन मंत्री गुरु गोहर वाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष देव शर्मा, नगर अध्यक्ष योगेंद्र तोमर, नगर उपाध्यक्ष ऋषभ शर्मा, नगर मंत्री सोनू तोमर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










Discussion about this post