अयोध्या। मंगलवार को राम मंदिर के 161 फीट ऊंचे शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धर्मध्वजा फहराए जाने के बाद बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में चल रही रामकथा के दौरान उन्होंने इसे सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना और हिंदुत्व की विजय बताया।
ध्वजारोहण के कुछ ही देर बाद पंडित शास्त्री ने कहा, “चढ़ मुगलों की छाती पर भगवा लहराया है… कब्र से उठकर देख ले बाबर, मंदिर वहीं बनाया है।” उन्होंने यह भी कहा कि रामलला के मंदिर पर देश के प्रधानमंत्री द्वारा भगवा ध्वज फहराए जाने से पूरा देश गौरवान्वित है।
मथुरा जन्मभूमि को लेकर बड़ा दावा-
पंडित शास्त्री ने मथुरा का भी जिक्र करते हुए कहा, “जहां कभी हरे झंडे की योजना बनाई जाती थी, आज वहां भगवा लहरा रहा है। कृष्णलला हम आएंगे, माखन-मिश्री खाएंगे… जिन्हें दिक्कत हो बेटा, वो खिसक लें।” उन्होंने बताया कि बाबा बागेश्वर ने 7 से 16 नवंबर तक दिल्ली से मथुरा तक पदयात्रा की थी, ताकि मथुरा जन्मभूमि मुद्दे को राष्ट्रीय विमर्श में रखा जा सके।
हिंदुओं से घरों पर भगवा लगाने का आह्वान-
रामकथा के दौरान पंडित शास्त्री ने हिंदुत्व का गर्व और राम मंदिर की पूर्णता का जिक्र करते हुए हिंदुओं से अपने घरों पर भगवा ध्वज लगाने का आह्वान किया। उन्होंने इशारों में मुस्लिम समुदाय का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके तीन घर हों तो तीनों पर हरा झंडा लगा देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू भी अपने घरों पर भगवा लगाएं तो पूरा देश अयोध्या धाम बन जाएगा।
राम मंदिर पर हुआ ध्वजारोहण-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अभिजीत मुहूर्त में राम मंदिर के शिखर पर 2 किलो की केसरिया ध्वजा फहराई। इस अवसर पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे। यह ध्वजारोहण रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिन बाद हुआ।











Discussion about this post