मुजफ्फरनगर। रोहाना में डकैती की वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। घटना के बाद एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे बदमाशों ने कॉस्मेटिक व्यापारी के घर में घुसकर उसकी पत्नी को आतंकित कर एक लाख रुपये लूट लिए। शोर सुनकर पहुंची भीड़ ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भाग गए।
रोहाना चौकी के सामने कॉस्मेटिक व्यापारी विनोद जैन का आवास है। मंगलवार सुबह उनकी पत्नी अलका जैन घर में मौजूद थी। तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुस गए और हथियारों के बल पर उसे आंतकित करते हुए मुंह दबा दिया। बदमाशों ने घर में रखे एक लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश घर से बाहर निकले तो महिला ने शोर मचा दिया। शोर शराबा होने पर भीड़ ने एक बदमाश को घेराबंदी कर दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
आईपीएस राजेश घुनावत ने बताया कि पकड़े गए बदमाश ने अपना अंशुल निवासी मन्सूरपुर बताया है। उसके दो साथियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जंगल में काम्बिंग के दौरान पुलिस को एक बैग मिला है। बैग में एक तमंचा, एक चाकू व कुछ कारतूस बरामद हुए हैं। उसके तीन घंटे पश्चात गांव मलीरा निवासी किसान महेश त्यागी रोहाना क्षेत्र के इंडियन बैंक से दो लाख रुपये निकालकर बाहर निकले थे। बैंक से मात्र दस कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने उनसे दो लाख रुपये से भरा थैला लूट लिया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश देवबंद की तरफ फरार हो गए।
लूट की सूचना पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत व आईपीएस राजेश घुनावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमों को लगाया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। दोनों घटनाओं में थाने पर तहरीर दे दी गयी है।










Discussion about this post