मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कुटेसरा में पुलिस गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों से भिड़ने और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि दो युवक पुलिसकर्मियों के साथ बहस कर रहे हैं और उनमें से एक युवक पुलिस की वर्दी पर झूल रहा है। वायरल वीडियो में युवक पुलिस पर जबरदस्ती गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए भी सुना जा सकता है। पुलिस ने दोनों युवकों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता का मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला?
सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार शाम को चरथावल थाना क्षेत्र के कुटेसरा चौकी प्रभारी गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान सड़क पर दो युवक हुड़दंग बाजी कर रहे थे।
जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों युवकों ने पुलिस पार्टी के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी।
बताया कि इस संबंध में चरथावल थाने में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों में से एक, अफजल (निवासी कुटेसरा) को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।










Discussion about this post