बागपत। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर अग्रवाल मंडी टटीरी के पास दिल्ली देहरादून कॉरिडोर निर्माण के लिए डाले गए पत्थर से टकराकर बीएसएफ के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार (41) की मौत हो गई और उनकी बाइक में आग लग गई। मृतक सुनील कुमार बागपत के मेरठ रोड पर अपने चचेरे भाई के मंढा कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे ने लेकर जांच शुरू कर दी।
सांकलपुट्ठी गांव के रहने वाले सुनील कुमार बीएसएफ में हेड कांस्टेबल थे। उनके चाचा रामदयाल सिंह बागपत के मेरठ रोड पर कालोनी में रहते हैं। बुधवार को सुनील कुमार के चचेरे भाई आर्मी कैप्टन डॉ. शुभम का मंढा कार्यक्रम था। उसमें सुनील कुमार अपने परिवार के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। रात करीब एक बजे बाइक से गांव वापस जाने लगे। उनके पीछे परिवार वाले कार में सवार होकर चल दिये।
मेरठ बागपत नेशनल हाईवे पर दिल्ली देहरादून कॉरिडोर के निर्माण के लिए हाईवे पर डाले गए पत्थर से बीएसएफ जवान की बाइक टकरा गई। टक्कर लगते ही सुनील कुमार की बाइक में आग लग गई। वहां पहुंचे परिवार वालों ने सुनील को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुनील कुमार के दो बेटे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।











Discussion about this post