बागपत। हरियाणा के पानीपत जिले के खोजकीपुर समेत अन्य गांवों के किसानों ने हथियारों के बल पर कुर्डी गांव के यमुना खादर में मिर्च और टमाटर की 100 बीघा से अधिक फसल उजाड़ दी। इसका विरोध करने पर किसान हासिम और उसकी पत्नी की पिटाई कर घायल कर दिया। फसल उजाड़ने की वीडियो बनाने वाले किसानों के पीछे लाठी-डंडे और फरसे लेकर भागे। किसानों ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
कुर्डी गांव के किसान शहजाद, मकसूद, साबिर, हासिम, बिट्टू्, भानू, अनस आदि ने बताया कि उन्होंने यमुना खादर में 100 बीघा से अधिक भूमि पर मिर्च, टमाटर की फसल उगा रखी है। रविवार को किसान खेत में काम कर रहे थे, तभी हरियाणा के पानीपत जिले के खोजकीपुर समेत अन्य गांवों के 100 से अधिक किसान और युवक अपने हाथों में लाठी-डंडे, फरसे, तमंचे आदि लेकर यमुना खादर में पहुंचे।
आरोप है कि हरियाणा के किसानों ने उनके खेतों में खड़ी मिर्च और टमाटर की फसल उजाड़नी शुरू कर दी। किसान हासिम और उसकी पत्नी ने फसल उजाड़ने का विरोध किया तो दोनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया। दोनों को जान से मारने की धमकी देकर खेत से भगा दिया गया।
शोर सुनकर वहां आए किसानों ने फसल उजाड़ने और मारपीट करने की वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उनके पीछे मारपीट करने के लिए दौड़ पड़े। हरियाणा के किसान उनकी फसल उजाड़ने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।











Discussion about this post