मुजफ्फरनगर। नगर पालिका के वार्ड नंबर 32, मोहल्ला जनकपुरी के क्षेत्रवासियों ने सड़क की खराब स्थिति और जलभराव को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय का रुख किया। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए सड़क निर्माण की मांग की।
पूर्व सदस्य सलेक चंद ने बताया कि अर्पित पब्लिक स्कूल से मदीना चौक तक की सड़क पिछले 20 सालों से टूटी हुई है। सरकारी कार्य जैसे जल निगम की टंकी और गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान जो बची सड़क थी, वह भी पूरी तरह टूट गई। सड़क पर जलभराव और गंदगी की वजह से बच्चों को स्कूल जाते समय और महिलाओं को मंदिर जाने में काफी परेशानी हो रही है।
सलेक चंद ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस संबंध में पत्र भेजा गया था। पत्र नगर पालिका के अधिकारियों तक पहुंचा, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कीचड़ भरी सड़क पर बच्चे गिरते हैं और महिलाएं गंदे पानी में चलने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की अपील की।










Discussion about this post