ढाका। बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में सनातन धर्म के अनुयायी 27 वर्षीय युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर की गई जघन्य हत्या के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने पुष्टि की है कि रैपिड एक्शन बटालियन (RAB) ने इस घटना में शामिल सात मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य सलाहकार की कड़ी चेतावनी-
मुहम्मद यूनुस ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि उनकी सरकार देश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी तरह की सांप्रदायिक हिंसा या जघन्य अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
RAB-14 का विशेष अभियान: ये हुए गिरफ्तार-
मुख्य सलाहकार के अनुसार, RAB-14 की टीम ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
मोहम्मद लिमोन सरकार (19)
मोहम्मद तारेक हुसैन
मोहम्मद मणिक मिया (20)
इरशाद अली (39)
निजुम उद्दीन (20)
आलमगीर हुसैन (38)
मोहम्मद मिराज हुसैन अकोन (46)
गहन जांच जारी-
फिलहाल सभी आरोपियों से अज्ञात स्थानों पर पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और अन्य संभावित अपराधियों का पता लगाया जा सके। दीपू चंद्र दास की हत्या के बाद से स्थानीय हिंदू समुदाय और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों में भारी आक्रोश था, जिसके बाद सरकार ने यह त्वरित कदम उठाया है।











Discussion about this post