जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने एक बार फिर से आतंकियों का सफाया करने के लिए ऑपरेशन को शुरू कर दिया है। मंगलवार को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। लगातार फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। फिर कुछ देर बाद दो और आतंकी मारे गए। यह मुठभेड़ शोपियां के जिनपाथर केलर इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि मारे गए आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के थे।
सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां के जामपथरी इलाके में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। ये आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों के ठिकाने को चारों तरफ से घेर लिया। आतंकियों से सरेंडर करने को कहा गया।
सुरक्षाबलों से घिरे आतंकियों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी दौरान सुरक्षाबलों ने भी जवाबी फायरिंग की। लगातार ताबड़तोड़ गोलीबारी होती रही। आखिरकार एक आतंकी को गोली लगी और वह गिर पड़ा। दो आतंकियों ने इसी दौरान भागने की कोशिश की लेकिन उन्हें भी सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया।
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला। असलहे मिले हैं और कई गुप्त दस्तावेज भी बरामद हुए है। आतंकी लश्कर ए तैयबा संगठन से जुड़े थे। अधिकारियों ने बताया कि अभी ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा क्योंकि इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की सूचना है।











Discussion about this post