रामपुर। यूपी में एक बार फिर पुलिस पर हमला हुआ है। रामपुर में मिलक के अकौंदा गांव में सोमवार देर रात शिकायत पर जांच को पहुंची डायल-112 की टीम पर एक पक्ष ने हमला बोल दिया। सिपाहियों से मारपीट की गई, उनकी वर्दी फाड़ दी गई और जान बचाकर भाग रहे पुलिसकर्मियों की गाड़ी पर लाठी-डंडे और पत्थर बरसाकर उसे तोड़ दिया गया। पुलिस ने तीनों घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया और आठ नामजद व छह-सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
कोतवाली क्षेत्र के अकौंदा गांव के मझरा नरसिंहपुर में सोमवार देर रात गांव निवासी रामपाल ने डायल-112 पर सूचना दी कि उसकी पत्नी को फोन पर ग्राम गुलड़िया भाट निवासी शिवम अश्लील बातें करता है। विरोध पर शिवम और उसके रिश्तेदारों ने अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने पीड़ित पक्ष से बात की और फिर दूसरे पक्ष से जानकारी लेने पहुंची, जहां भीड़ इकट्ठा हो गई। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने सिपाहियों से मारपीट शुरू कर दी, वर्दी फाड़ दी और डायल-112 की सरकारी कार पर भी हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
किसी तरह सिपाहियों ने कंट्रोल रूम से मदद मांगी, जिस पर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने परविंदर, अरविंद, रंजीत, मुकेश, वीर सिंह, ओमवती, राजवती (नरसिंहपुर निवासी) और शिवम (ग्राम गुलड़िया भाट) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बाकी 6-7 आरोपियों की पहचान वीडियो के जरिए की जा रही है।
पीआरवी में तैनात सिपाही पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने जब आरोपी पक्ष को समझाने का प्रयास किया तो उन्हें वर्दी उतरवाने की धमकी दी गई। वीडियो बनाने पर भीड़ उग्र हो गई और मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों से किए हमले में पुष्पेंद्र के पैर में गहरी चोट आई, सिपाही मयंक राज के सिर में गंभीर चोटें आईं, वहीं चालक रणजीत सिंह की उंगलियां लाठी लगने से फट गईं। आरोप है कि भीड़ ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, वर्दी फाड़ दी और भागते समय गाड़ी पर पत्थर फेंककर तोड़फोड़ की।
पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर नामजद आरोपी रंजीत को ग्राम नरसिंहपुर तिराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के अनुसार दो पक्षों की मारपीट की सूचना पर गई पुलिस टीम के साथ अभद्रता और हमले की घटना गंभीर है। सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।











Discussion about this post