नई दिल्ली : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सक्रिय भूमिका निभाई है। बुधवार को पीएम मोदी ने अपने आवास पर अमित शाह, राजनाथ सिंह और बीएल संतोष समेत वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर अध्यक्ष चुनाव की राह में आ रहे राजनीतिक अड़चनों पर चर्चा की। बैठक में उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक समेत एक दर्जन राज्यों के संगठन चुनावों का हल निकालने की रणनीति बनाई गई।
सूत्रों के मुताबिक अगले 2-3 दिनों में करीब आधा दर्जन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा हो सकती है। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर भी मुहर लगने की संभावना है। बीजेपी संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए राज्यों में संगठन चुनाव आवश्यक हैं, ताकि निर्वाचक मंडल का गठन हो सके। लेकिन उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक जैसे राज्यों में संगठन चुनाव लंबित हैं, जिससे प्रक्रिया में देरी हो रही थी।
जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2023 में समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनावों के चलते उनका कार्यकाल बढ़ाया गया। संसदीय बोर्ड ने उन्हें 40 दिन का अतिरिक्त समय दिया, जो 23 अप्रैल को खत्म हो रहा है। समय निकट देखते हुए पीएम मोदी ने बैठक कर तेजी से निर्णय लेने का निर्देश दिया है।
कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात के नए प्रदेश अध्यक्षों के नाम तय कर लिए गए हैं। अब जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू हो सकती है।
नया अध्यक्ष 2029 के लोकसभा चुनाव तक पार्टी की कमान संभालेगा। बीजेपी नेतृत्व युवा और महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने के साथ संगठन में व्यापक बदलाव की भी तैयारी कर रहा है, ताकि आने वाले विधानसभा चुनावों में मजबूती से मुकाबला किया जा सके।











Discussion about this post