मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के दौरान एक सफल कार्रवाई हुई। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हो गए।
मंसूरपुर थाना पुलिस को रात 12 बजे सूचना मिली कि कुछ बदमाश वैगनआर कार में क्षेत्र में घूम रहे हैं। ये वही बदमाश थे जिन्होंने सुबह जिले के कई थाना क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने जब कार को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान दिल्ली निवासी राजेश, शोहेल और अभी कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से लूटी गई सोने की चेन, तीन मोबाइल फोन और नकदी भरा पर्स बरामद हुआ है। साथ ही घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, दो तमंचे, एक मस्कट बंदूक और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। ऑपरेशन क्लीन के तहत जिले में अपराधियों पर कार्रवाई जारी है।










Discussion about this post