वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित खरगरामपुर गांव में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ‘प्यार’ में जान देने की जिद पर बिजली के हाईटेंशन खंभे पर जा चढ़ा। युवक का नाम अशोक चौहान बताया जा रहा है, जिसका घंटों चला यह हाई-वोल्टेज ड्रामा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना रहा।
विवाहिता प्रेमिका को बुलाने की थी जिद-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अशोक अपनी एक विवाहिता प्रेमिका से मिलने और उसे मौके पर बुलाने की मांग कर रहा था। जब उसकी बात नहीं मानी गई, तो वह देखते ही देखते ऊंचे हाईटेंशन खंभे पर चढ़ गया। ऊपर पहुँचने के बाद उसने नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया और चिल्ला-चिल्लाकर कूदने की धमकी देने लगा।
काटनी पड़ी बिजली, पुलिस के फूले हाथ-पांव-
खंभे पर युवक को देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका में तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की हाईटेंशन लाइन की सप्लाई काट दी गई। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस अधिकारी और ग्रामीण घंटों तक लाउडस्पीकर और इशारों से उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन अशोक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू-
काफी देर तक चले इस ड्रामे के बाद, जब युवक थोड़ा शांत हुआ तो बिजली विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए संयुक्त प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित तरीके से खंभे से नीचे उतारा गया।
नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जहाँ लोग इस सिरफिरे आशिक की हरकत पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। प्रशासन अब युवक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।











Discussion about this post