शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के कस्बा ऊन में पुलिस ने अवैध तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहे की वेल्डिंग की दुकान की आड़ में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा और मौके से छह बने हुए तमंचे, 12 अधबने तमंचे, भारी संख्या में जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शफीक, अजहर और आरिश के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्त वेल्डिंग की दुकान के अंदर ही बीते एक साल से अवैध शस्त्र फैक्ट्री चला रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह ‘मौत का सामान’ मात्र दो हजार रुपये में बेचते थे और अब तक दो दर्जन से अधिक तमंचे तैयार कर चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक शामली रामसेवक गौतम ने प्रेस वार्ता में बताया कि दुकान की आड़ में तमंचा फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से मिले सभी हथियार और उपकरण जप्त कर लिए हैं। साथ ही यह भी बताया कि अब उन लोगों की भी तलाश की जा रही है जिन्होंने इन आरोपियों से अवैध हथियार खरीदे हैं।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।











Discussion about this post