लोनी। कोतवाली क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी में गाली देने का बदला लेने पर दो दोस्तों ने किशोर युनूस (16) के पेट में चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से घायल किशोर की मंगलवार रात अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले यूनुस (16) अपनी मां अनीसा और छह भाई बहनों के साथ अशोक विहार कॉलोनी में रहते थे। वह सिलाई का काम सीख रहे थे। करीब तीन साल पहले उनके पिता की मौत हो गई थी। उनके भाई साबिर ने बताया कि रविवार रात करीब 7 बजे उनका भाई यूनुस मोमोज खाने गया था। रास्ते में खड़े दो लड़कों ने उनके भाई से सिगरेट लाने के लिए कहा। यूनुस ने सिगरेट लाने के लिए मना कर दिया। इस बात को लेकर गाली गलौज होने लगी। गाली देने पर आरोपियों ने के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद तसलीम उर्फ चीनू ने यूनुस के हाथ पकड़ लिए और रिहान ने उनके पेट में चाकू मार दिया। चाकू लगने के बाद उनका भाई युनूस वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
आरोपियों ने उनके भाई का करीब आधा किलोमीटर तक पीछा किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार का दौरान युनूस को मंगलवार डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। यूनुस की मौत के बाद परिजनों में मातम पसर गया। परिजनों ने मामले में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज हो चुका था। अब धारा में बदलाव किया जाएगा। इस घटना में फरार चल रहे दोनों आरोपी रिहान और चीनी उर्फ चीनू उर्फ तसलीम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार के बाद आरोपियों से पूछताछ की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रिहान की पूर्व में यूनुस पुत्र नबाव शेर निवासी अशोक बिहार से कहासुनी हो गई थी। यूनुस ने रिहान को गालियां दी थी। जिससे रिहान मोहल्ले में अपनी बदनामी महसूस कर रहा था। उसी बदनामी का बदला लेने के लिए वह यूनुस से रंजिश मान रहा था। इसके बाद दोनों ने युनुस से बदला लेने के लिए दिनांक रविवार रात में उसे अकेला पाकर यूनुस से गाली गलौज करते हुए मारपीट की। चीनी उर्फ चीनू उर्फ तसलीम ने युनुस के हाथ पकड लिए और रिहान ने यूनुस के पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया।











Discussion about this post