मुजफ्फरनगर। जिले के खतौली रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब रेलवे प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण एक 13 वर्षीय बच्ची की मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। परिवार हरिद्वार जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रहा था।
मृतक किशोरी की पहचान सरधना थाना क्षेत्र के कैली गाँव निवासी के रूप में हुई है। उसका परिवार खतौली रेलवे स्टेशन पर हरिद्वार जाने वाली ट्रेन का इंतज़ार कर रहा था। इसी दौरान, 13 वर्षीय लड़की पास की एक दुकान से कुरकुरे खरीदने के लिए प्लेटफार्म से नीचे उतर गई।
कॉरिडोर लाइन ठीक उसी जगह थी जहाँ वह उतरी थी। उसी समय, एक तेज़ रफ़्तार मालगाड़ी आ रही थी और किशोरी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यह दुर्घटना रेलवे प्रशासन की घोर लापरवाही का परिणाम है। आरोप है कि रेलवे स्टेशन की कॉरिडोर लाइन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगी बैरिकेटिंग काफी समय से टूटी पड़ी थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे प्रशासन को इस टूटी हुई सुरक्षा व्यवस्था के बारे में कई बार सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने इस हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और भूड़ चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। किशोरी की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










Discussion about this post