मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ से बड़ी खबर सामने आई है, जहां भुनी टोल प्लाज़ा पर भारी विवाद हुआ। इस विवाद में टोल कर्मियों ने आर्मी जवान कपिल और उनके भाई शिवम के साथ मारपीट की। जवान कपिल जम्मू-कश्मीर स्थित अपने बेस पर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में टोल पर विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे जवान और उनके भाई को घेरकर टोल प्लाज़ा कर्मी उन पर हमला कर रहे हैं। मामला सामने आते ही मेरठ पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए 6 टोलकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बाकी आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही सभी को हिरासत में ले लिया जाएगा।
इधर, जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को हुई तो गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने टोल प्लाज़ा पर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ भी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि देश की सुरक्षा में लगे जवानों का इस तरह से अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन अब हालात को काबू में करने में जुटा है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद पूरे प्रदेश में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। सेना से जुड़े जवानों के खिलाफ इस तरह की घटना को लेकर लोग सोशल मीडिया पर भी गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।
ये मामला केवल टोल विवाद नहीं बल्कि सुरक्षा बलों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बन चुका है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post