मुजफ्फरनगर। आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन मुज़फ़्फ़रनगर के निराना गाँव में वरिष्ठ कार्यकर्ता मुसव्विर गौड़ के आवास पर पहुँचे, जहाँ ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
विनय रतन ने इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को घेरते हुए कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से आरएसएस की प्रशंसा करना उन हजारों स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है, जिन्होंने आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
उन्होंने कहा, “देश को आजाद कराने में आरएसएस की कोई भूमिका नहीं रही। आजादी के दिन देश को आजाद कराने वाले नायकों को श्रद्धांजलि दी जानी चाहिए थी, न कि उस संगठन की प्रशंसा की जानी चाहिए, जिसका स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा।”
विनय रतन ने वक्फ संपत्तियों को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वक्फ की ज़मीनें हमारे पूर्वजों द्वारा दान की गईं हैं, जिनका दुरुपयोग कर सरकार उन्हें हड़पना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग के अधिकारों का हनन कर रही है।
उन्होंने कहा, “हम आज भी देश के कानूनों का पालन करते हैं, टैक्स देते हैं, लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं, लेकिन हमें ही बार-बार अन्याय और अत्याचार का शिकार होना पड़ता है।”
विनय रतन ने कहा कि आरएसएस का योगदान सिर्फ “ध्रुवीकरण और नफ़रत की राजनीति” में रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी संघ शिक्षा, रोजगार, और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों से दूर भागता है और गरीब वर्ग को कमजोर बनाए रखने की मानसिकता पर काम करता है।
भाजपा पर चुनाव में धांधली के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि “यदि किसी क्षेत्र में 100 वोट मुस्लिम समुदाय के हैं, तो भाजपा मिलीभगत कर 30 वोटों को अवैध घोषित करवा देती है। यह साजिश है वोट की चोरी की।”
वहीं, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद की रणनीति का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी हर बूथ पर चार कार्यकर्ता तैनात करेगी ताकि फर्जी वोटिंग और वोट काटने जैसे मामलों पर नजर रखी जा सके।
कार्यक्रम के अंत में मुसव्वीर गौर ने बताया कि वह जिला पंचायत वार्ड नंबर 6 से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी हैं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में लगे हुए हैं।










Discussion about this post